ऊना में कोरोना का कहर बढ़ते ही पुलिस ने कसा शिकंजा, तीन दिन में 44500 रुपए वसूला जुर्माना
ऊना- मास्क पहनना शान के खिलाफ समझने वाले बिगडै़ल लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है। ऊना पुलिस ने पिछले तीन दिनों में बिना मास्क सड़कों पर घूम रहे 80 लोगों के चालान काटे हैं। इनसे 44500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान कई लोग पुलिस कर्मियों के आगे चालान न काटने के लिए गिड़गिड़ाते भी दिखे, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उनकी एक न सुनी और चालान काट सबक सिखाया।
पुलिस ने उक्त लोगों को भविष्य में मास्क लगाकर ही सड़कों पर निकलने की हिदायतें भी दी। बताते चले कि जिला में कुछ दिन की राहत देने के बाद कोरोना वायरस फिर से आंतक मचा रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने 100 की बजाय 1000 रुपए चालान करने का निर्णय लिया है। एसपी ऊना अर्जित सेन के निर्देशों के बाद पुलिस फील्ड में उतर आई है और पुलिस ने लोगों को सबक सिखाना शुरु कर दिया है। इसी का नतीजा है कि पुलिस ने 21 नवंबर से लेकर 23 नवंबर तक कुल 80 चालान काटे हैं। पुलिस ने इन लोगों से मौका पर ही 44500 रुपए जुर्माना भी वसूला है। उधर, एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पुलिस ने 100 रुपए के बजाय 1000 रुपए जुर्माना वसूलने का निर्णय लिया है। पहले तीन दिनों में 80 चालान किए गए है। इनसे 44500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया है।
No comments:
Post a Comment