पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने महंगाई, भ्र्ष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। वहीं प्रदेश की जय राम सरकार को भी विफल करार देते हुए आड़े हाथ लिया। शुक्रवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की चौहारघाटी के तीन दिवसीय जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए खलैहल पंचायत के मियोट, झरवाड़, छोटी झरवाड़, बरोट, थुजी और नमाण गांव का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी और निवारण को लेकर विभागीय अधिकारियों से दूरभाष में संवाद किया।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बड़े बड़े पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बनकर काम कर रही है। जिस वजह से आज महंगाई का बोलबाला है। पेट्रोल और डीजल के भारी भरकम दाम बढ़ने से खाद्य सहित सभी प्रकार की वस्तुएं महंगी हुई है। कोरोना की वजह से लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं। सरकार ने कोई राहत तक नही दी। किसान विरोधी तीन बिल केंद्र सरकार ने पास किए हैं। जिसका देश भर में विरोध हो रहा है। लेकिन सरकार इन बिलों के संसोधन को लेकर कोई पग नही उठा रही है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई की वजह से गरीब लोगों को रोजी रोटी के लाले पड़ गए हैं। सहकारी सभा के डिपुओं में मिलने वाले खाद्य तेल की कीमत 103रुपए प्रति लीटर हो गई है। दाल सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार किसानों के साथ कुठाराघात करने में तुली हुई है। इसका करारा जबाब जनता ने पंचायत चुनावों में दिया है।
लगभग अस्सी फीसदी से अधिक कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधि चुन कर आए हैं। अब मार्च माह में होने वाले नगर निगम चुनावों में सरकार की विदाई की शुरुआत होने वाली है। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि सीएम जय राम प्रदेश के नही अपितु सराज के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। मंडी जिला की जनता को भी निराशा ही हाथ लगी है।
द्रंग विधानसभा क्षेत्र में विकास के सब कार्य ठप्प पड़े हुए हैं। विधायक जवाहर ठाकुर पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। तीन साल का कार्यकाल सरकार का पूरा हो चुका है। विधायक कोई एक भी ऐसी योजना बताए जो अपने कार्यकाल में द्रंग के लिए स्वीकृत करवाई हो। चौहारघाटी में विकास की रफ्तार पूरी तरह थम गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में फर्क है। 2002 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए प्रचार प्रसार में जुट जाएं।इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बामण देव ठाकुर, ग्राम पंचायत खलैहल के प्रधान भागमल , बरोट के प्रधान रमेश ठाकुर, उप प्रधान अनिल कुमार, बीडीसी सदस्य कृष्ण कुमार, प्रवीण कुमार, रमेश चंद और बीरी सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment