हिमाचल में नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के लिए मतदान 10 जनवरी, 2021 को होंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक करवाया जाएगा। मतगणना भी इसी रोज संबंधित नगर निकायों के मुख्यालयों पर की जाएगी। इन नगर निकायों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी। नगर पंचायत अंब, चिड़गांव, कंडाघाट, नेरवा, निरमंड, आनी को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के लिए यह अधिसूचना लागू रहेगी। नए गठित नगर निकायों की चुनावी अधिसूचना बाद में जारी होगी।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 24, 26 और 28 दिसंबर को प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र भरेंगे। तीन दिनों तक प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक अपना नामांकन रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवा सकेंगे। 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। 31 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 31 दिसंबर को ही दोपहर 3 बजे के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची चुनाव चिन्ह के साथ जारी कर दी जाएगी। नामांकन पत्रों की वापसी के तुरंत पश्चात चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए जाएंगे।
ये चुनाव स्वतंत्र चुनाव चिन्ह के आधार पर होगा और किसी भी उम्मीदवार को उसकी पसंद का चुनाव चिन्ह आबंटित नहीं किया जाएगा। इससे पहले 24 दिसंबर तक पोलिंग स्टेशनों की सूची भी जारी हो जाएगी। तमाम तैयारियों और औपचारिकताआें के बाद 10 जनवरी, 2021 को मतदान होगा। विभिन्न पोलिंग स्टेशनों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के समाप्त होने के बाद तुरंत मतों की गणना शुरू हो जाएगी। मतगणना नगर निकाय के मुख्यालय में होगी। काउंटिंग पूरी होने के बाद तुरंत प्रभाव से रिजल्ट भी घोषित कर दिया जाएगा। 12 जनवरी को नगर निकाय के चुनावों की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
कांगड़ा, मंडी, सोलन, कुल्लू में चेयरमैन पद ओपन
जिला परिषद चेयरमैन के आरक्षण की अधिसूचना भी जारी कर दी है। कांगड़ा, मंडी, सोलन, कुल्लू जिलों में चेयरमैन के पदों को ओपन रखा गया है। अन्य जिलों में अध्यक्ष पद की कुर्सी रिजर्व रखी गई है। राज्य में 50 फीसदी रिजर्वेशन महिलाओं के लिए है। अधिसूचना के अनुसार चंबा जिला में जिला परिषद का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति, हमीरपुर अनुसूचित जाति महिला, ऊना अनुसूचित जाति महिला, किन्नौर अनुसूचित जनजाति, लाहुल-स्पीति अनुसूचित जनजाति महिला, सिरमौर ओबीसी महिला, बिलासपुर सामान्य महिला, शिमला भी सामान्य महिला के लिए आरक्षित है।
आज आ सकती है पंचायत चुनावों की अधिसूचना
पंचायत चुनावों की अधिसूचना 18 दिसंबर को संभव है। राज्य चुनाव आयोग शुक्रवार शाम तक इसकी घोषणा कर सकता है। राज्य में ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के चुनावों की घोषणा होना अभी बाकी है। अधिकतर उपायुक्तों ने आरक्षण रोस्टर जारी भी कर दिया है। वोटर लिस्ट 18 दिसंबर को फाइनल करने के निर्देश दिए हैं। बहरहाल गुरुवार को नगर निकाय चुनावों का ऐलान होने के बाद अब सभी की निगाहें पंचायत चुनावों की घोषणा पर टिक गई हैं।
#himachalnews
from HIM NEWS
loading...
loading...
No comments:
Post a Comment