साइबर अपराध पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित होते नजर आ रहे हैं। लोगों के खातों से लगातार साइबर अपराधी रुपए उड़ा रहे हैं। पुलिस चाहकर भी उन पर लगाम नहीं लगा पा रही है। शातिर अलग अलग तरीके अपना कर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। आम लोग सीधे उनके झांसे में आ जाते हैं और गोपनीय जानकारी ठगों को दे देते हैं। जिसका फायदा उठाकर ठग आराम से लोगों के खाते से लाखों रुपये उड़ा लेते हैं।
ताजा मामले में जिला कुल्लू में गूगल पे के जरिए शातिर ने एक महिला को 1999 रुपये का चूना लगा दिया। महिला को जैसे ही इस बाबत पता चला तो उसने इसकी शिकायत तुरंत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि गूगल पे पर एक स्क्रैच कार्ड आया हुआ था। इस पर लिखा था कि आप 1999 रुपये जीत गए हैं।
यह पैसे अपने खाते में क्रेडिट करने के लिए एक लिंक को क्लिक करें, जैसे ही उसने लिंक क्लिक किया तो उसके खाते से 1999 रुपये तुरंत निकल गए। जिसके बाद उक्त महिला ने तुरंत इसकी शिकायत साइबर सेल को दी। साइबर सेल ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए संबंधित गेट वे को ब्लॉक करवाकर शिकायतकर्ता की सारी राशि वापस करवा दी है। एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
from HIM NEWS
No comments:
Post a Comment