­

Tuesday, June 16, 2020

कांग्रेस शासित राज्यों से बेहतर है हिमाचल की स्थिति, कोरोना रोकने में सफल रहे हम: CM Jai Ram Thakur

loading...
कांग्रेस शासित राज्यों से बेहतर है हिमाचल की स्थिति, कोरोना रोकने में सफल रहे हम: CM Jai Ram Thakur

हिमाचल/शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि राज्य सरकार प्रदेश में कोरोना वायरस रोकने में सफल रही है। प्रदेश की स्थिति पड़ोसी राज्यों और देश के सभी कांग्रेस शासित राज्यों की तुलना में कहीं बेहतर है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को शिमला से कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत और सक्षम नेतृत्व द्वारा विश्व के देशों में अपना एक विशेष स्थान बनाया है।

 उनकी डिजिटल इंडिया पर दूरदर्शी सोच के कारण ही आज कोरोना वायरस के समय में भी हम जनता से संपर्क स्थापित करने में समर्थ हुए हैं। गौरव की बात है कि राज्य भाजपा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकतम रैलियां आयोजित की हैं। सीएम ने कहा कि राज्य में पहली मई को सिर्फ एक कोविड-19 का मामला था। इस आंकड़े में तेजी से वृद्धि हुई है, क्योंकि देश के विभिन्न भागों में फंसे हुए लगभग दो लाख लोग राज्य में वापस आए हैं। कोटा, गोवा, चंडीगढ़, पूणे, बंगलूरू, दिल्ली आदि शहरों में हजारों लोग फंसे हुए थे। राज्य सरकार द्वारा इन सभी लोगों को 13 विशेष रेलगाडि़यों और विशेष बसों के माध्यम से वापस लाया गया, जिससे निःसंदेह कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि बाहरी राज्यों से आए सभी लोग या तो संस्थागत क्वारंटाइन या होम क्वारंटाइन में ही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की है और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी हिमाचल सरकार द्वारा चलाए गए एक्टिव केस फांइडिंग अभियान को लागू करने को कहा है। जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार का देश की अर्थव्यवस्था के पुनः प्रवर्तन के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा के लिए धन्यवाद किया।


दिल्ली से जुड़े अनुराग ठाकुर

केंद्रीय वित्त और कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी नई दिल्ली से इस वर्चुअल रैली में जुड़े। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त और कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और अन्य गणमान्य लोगों का इस अवसर पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र में पहले आयोजित वर्चुअल रैली में संचार के विभिन्न माध्यमों से प्रदेश के लगभग 20 लाख लोगों ने भाग लिया। विधायक अर्जुन सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा। भाजपा के राज्य महासचिव त्रिलोक जम्वाल, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य और अन्य नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

अब भी राजनीति कर रहा विपक्ष…

मुख्यमंत्री ने ऊना जिला के कुटलैहड़ मंडल को शिमला से वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के कांग्रेसी नेता इस महामारी के दौरान भी राजनीति कर रहे हैं और इस महामारी को राजनीतिक रंग देने की पुरजोर कोशिश कर रहें हैं। राज्य में कांग्रेस नेतृत्वहीन और दिशाहीन पार्टी है, जिसमें हर नेता एक-दूसरे को मात देने में लगा है।

स्मृति ईरानी ने थपथपाई जयराम सरकार की पीठ
केंद्रीय कपड़ा और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी ने नई दिल्ली से वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को राज्य में कोरोना महामारी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए किए गए प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है तथा एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा करवाए गए सर्वे में जयराम ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री आंका गया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि देश में जनधन योजना के अंतर्गत लगभग 38 करोड़ बैंक खाते खुलवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 30 करोड़ खाताधारक महिलाओं के बैंक खातों में 30 हजार करोड़ रुपए स्थानांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश न केवल देवभूमि है, बल्कि वीरभूमि भी है। प्रदेश के लाखों सैनिक और पूर्व सैनिकों को ‘वन रैंक-वन पेंशन’ योजना से लाभान्वित किया गया है।
FROM - HIM NEWS
loading...
loading...

Post Comments

No comments:

Post a Comment

Back To Top