­

Tuesday, June 16, 2020

हिमाचल के मैदानों में गर्मी ने छुड़ाए पसीने

loading...
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी जमकर पसीने छुड़ा रही है। सोमवार को ऊना का अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री से पार हो गया है। ऊना के साथ-साथ बिलासपुर व हमीरपुर का गर्मी रौद्र रूप दिखाने लगी है। उक्त क्षेत्रों का तापमान 39 डिग्री से पार हो गया है। 

कांगड़ा, सुंदरनगर और चंबा में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 18 जून तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और उछाल आने के आसार हैं, जबकि राज्य में 19 से 21 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। अगर इस दौरान बारिश होती है, तो जनता को प्रचंड गर्मी से राहत मिल सकती है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा। 

दिन भर चटक धूप खिलने से राज्य के कई स्थानों के अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले एक से दो डिग्री का उछाल रिकार्ड किया गया है। ऊना में सबसे अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं बिलासपुर में पारा 39.5 और हमीरपुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस आंका गया है। बिलासपुर और हमीरपुर के तापमान में दो-दो डिग्री का उछाल आया है। सोमवार को धर्मशाला में हल्की बूंदाबांदी हुई। 

धर्मशाला में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर बाद ठंडी हवाएं चलीं। इससे तापमान में हल्की गिरावट आई है। शिमला, भुंतर, कल्पा, नाहन, केलांग व मंडी के तापमान में गिरावट आई है। बीते 24 घंटों की बात करें तो जोगिंद्रनगर में पांच मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा समूचे प्रदेश में मौसम साफ बना रहा। इससे न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 18 जून तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 19 से 21 तक प्रदेश में गर्जन के साथ बारिश होगी। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी।
FROM - HIM NEWS
loading...
loading...

Post Comments

No comments:

Post a Comment

Back To Top